February 7, 2026 3:44 am

एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन हादसे में 241 की मौत,एक जिंदा बचा।

अहमदाबाद।एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही क्रैश हो गया, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में सिर्फ एक यात्री के बचने की खबर है, जिसका इलाज जारी है। बाकी क्रू मेंबर्स सहित सभी यात्रियों के मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि लंदन जा रही फ्लाइट नंबर एआई-171 ने दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी और 1.39 बजे यह अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कालेज एवं सदर अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के छात्रावास तथा आवासीय क्वार्टरों के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। उस समय प्लेन 625 फुट की ऊंचाई पर था। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश,सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी दो पायलट और 10 क्रू मेंबर्स थे।हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन की जानकारी भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने एक्स पर हादसे के एक घंटे बाद ही दे दी थी, हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी। हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके थे कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान डीएनए टेस्ट के बाद ही संभव होगी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अहमदाबाद विमान हादसे की जांच करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित तमाम बड़े नेताओं ने हादसे पर शोक जताया है। एयर इंडिया टाटा ग्रुप की कंपनी है। टाटा समूह ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को एक-एक करोड़ की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। घायलों के चिकित्सा व्यय को भी टाटा ग्रुप ही वहन करेगा। इसके अतिरिक्त बीजे मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता की जाएगी।इतने खतरनाक क्रैश में जिंदा बचे यात्री 40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश विमान की सीट 11ए पर थे। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। विश्वास कुमार रमेश ने बताया कि उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह सब बहुत जल्दी हुआ। जब मैं उठा, तो मेरे चारों तरफ लाशें बिखरी पड़ी थीं। मैं डर गया और वहां से भागा। मेरे चारों तरफ विमान के टुकड़े बिखरे पड़े थे। किसी ने मुझे पकड़ लिया और एंबुलेंस में डालकर अस्पताल ले आया। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुछ दिनों के लिए अपने परिवार से मिलने भारत आए थे और अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ ब्रिटेन वापस जा रहे थे। विश्वास ने बताया कि वह 20 सालों से लंदन में रह रहे हैं। उनकी पत्नी और बच्चे भी लंदन में ही रहते हैं। अहमदाबाद में क्रैश हुआ एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन एक मॉडर्न एयरक्राफ्ट है, जिसे दिसंबर 2013 में बोइंग कॉमर्शियल एयरप्लेन्स ने बनाया था। बोइंग 787 विमान के 15 साल के इतिहास में यह पहला क्रैश है। हालांकि इससे पहले लीथियम आयन बैटरियों में आग और बॉडी के जोड़ों में गैप जैसी शिकायतें आई थीं। यह मिड-साइज, ट्विन-इंजन, वाइड-बॉडी जेट है, जो लंबी दूरी की उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक बार में 14,000 किलोमीटर तक उड़ सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!