February 7, 2026 3:40 am

प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज दोपहर बाद से शुरू होगा।

शिमला,अगस्त।हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार दोपहर बाद से शुरू हो रहा है। राज्य में बरसात के मौसम में आई प्राकृतिक आपदा पर टकराव के कारण यह सत्र हंगामेदार रहेगा। पहले ही दिन राज्य सरकार की तरफ से इस बारे में नियम 130 के तहत प्रस्ताव भी लाया जा रहा है। मानसून सत्र 18 अगस्त से दो सितंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 12 बैठकें होंगी। पहले ही दिन भारी बरसात से हुई क्षति पर प्रस्ताव, दो ऑर्डिनेंस और कृषि तथा बागबानी विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति को लेकर पिछले बिल को वापस लेकर राज्य सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है। पहले ही दिन दो ऑर्डिनेंस सदन में रखे जा रहे हैं। इनमें शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश नगर पालिका संशोधन अध्यादेश 2025 को रखेंगे। इसके तहत सरकार ने नए शहरी निकायों में चुनाव को दो साल तक टालने की व्यवस्था की है। नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी भी एक ऑर्डिनेंस को सदन में रखेंगे, जिसका नाम हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय अध्यादेश 2025 है।इसके जरिए सरकार ने तकनीकी विश्वविद्यालय में कुलपति के पद पर किसी और विश्वविद्यालय से नियुक्ति का रास्ता साफ किया था और उसके बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर को नियुक्त कर दिया था। विधानसभा के इसी सत्र में कृषि मंत्री चंद्र कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2024 को वापस लेंगे। इस बिल को गवर्नर ने अनुमति नहीं दी है और राज्यपाल की आपत्ति को देखते हुए सरकार इस विधेयक को वापस लेगी और इसी सत्र में नया बिल ला सकती है। वहीं, भाजपा प्राकृतिक आपदा के बाद राहत राशि के आबंंटन को लेकर आरोप लगाती रही है। जाहिर है प्राकृतिक आपदा पर विपक्ष काम रोको प्रस्ताव जैसा कोई कदम उठाए।पहले दिन सदन की कार्यवाही 2:00 शुरू होते ही पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर शोक प्रस्ताव लाया जाएगा। यदि दोनों पक्षों के बीच टकराव नहीं हुआ, तो उसके बाद प्रश्नकाल होगा। शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया बीपीएल चयन में सरकार द्वारा लगाए गए मापदंडों में छूट के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने भी स्कूल डि नोटिफाई करने पर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लाया है। पहले दिन नियम 130 के तहत आपदा राहत के बाद भाजपा विधायक जीतराम कटवाल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर एक पॉलिसी बनाने के आग्रह के साथ प्रस्ताव लाया है।यदि मानसून सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल चला, तो पहले ही सवाल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का है और यह रिलीफ मैन्युअल को लेकर है, जो उन्होंने राजस्व मंत्री से पूछा है। इससे पहले राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के सराज दौरे के बाद क्या-क्या हुआ है? यह सबको पता है। इसलिए सदन के भीतर जयराम ठाकुर बनाम जगत सिंह नेगी टकराव भी देखने लायक होगा। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने पटवारी की भर्ती, कांगड़ा से पवन काजल ने डिग्री कॉलेज में खाली पद, आनी से लोकेंद्र कुमार ने ग्राम रोजगार सेवकों की महंगाई भत्ते और केवल सिंह पठानिया ने स्वास्थ्य संस्थानों में डेंटल डॉक्टर की भर्ती जैसे मामले प्रश्नकाल में उठा रखे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!