May 30, 2026 10:50 pm

देशभर में चमका हिमाचल, तंबाकू मुक्त अभियान में सरकारी स्कूल ने बनाई राष्ट्रीय पहचान।

*शिमला,मई। समग्र शिक्षा सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास कर रहा है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश का एक सरकारी स्कूल केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के प्रतिष्ठित ‘टोबैको फ्री एजुकेशनल इंस्टीट्यूट’ (ToFEI) अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ है। जिला सोलन के पीएमश्री राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नालागढ़ ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ‘स्कूल चैलेंज-ToFEI 2025’ अवार्ड समारोह में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रोत्साहन पुस्कार हासिल किया। यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि समग्र शिक्षा प्रदेश के स्कूलों में बेहतर और स्वस्थ शैक्षणिक माहौल विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि तंबाकू और नशा मुक्त विद्यालय अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने नई दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय अवार्ड समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान ‘नशा मुक्त विद्यालय’ एक्शन प्लान और पोर्टल भी लॉन्च किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को तंबाकू और नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, संस्थागत जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। नई दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में समग्र शिक्षा की स्टेट नोडल ऑफिसर वर्षा सूद, जिला नोडल अधिकारी सुमन बाला तथा विद्यालय की शिक्षिका मृणाल ने विद्यालय की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया।

*स्कूल ने तंबाकू विरोधी अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया*

यह पुरस्कार भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा उन शिक्षण संस्थानों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने परिसर को तंबाकू मुक्त बनाने और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय कार्य किए हों। समग्र शिक्षा की विशेष पहल के तहत नालागढ़ स्कूल ने वर्ष 2025-26 में तंबाकू विरोधी अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया। स्कूल परिसर में 100 प्रतिशत ToFEI साइनेज और “टोबैको फ्री ज़ोन” बोर्ड स्थापित किए गए। इसके साथ ही 500 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तंबाकू सेवन के खिलाफ शपथ ली। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रैलियों, पोस्टर प्रतियोगिताओं, मैराथन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नालागढ़ क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों और आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूलों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद नालागढ़ स्कूल का चयन किया गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा के नेतृत्व और विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों द्वारा किए गए सामूहिक प्रयासों को दिया है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!