July 15, 2026 2:27 am

विमल नेगी प्रकरण में सीबीआई के खुलासों ने कांग्रेस सरकार की भूमिका पर खड़े किए गंभीर सवाल : संजीव कटवाल

शिमला,जून। दीपकमल चक्कर में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ प्रदेश के समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने विमल नेगी प्रकरण में सामने आए तथ्यों को लेकर कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में सामने आई जानकारी और जांच एजेंसियों द्वारा अदालत में प्रस्तुत तथ्यों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। फर्जी कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने, दस्तावेजों में कथित हेरफेर करने और नियमों को दरकिनार कर फैसले लेने जैसे गंभीर आरोप प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करते हैं।संजीव कटवाल ने कहा कि यदि किसी परियोजना में वास्तविक स्थिति और आधिकारिक रिकॉर्ड के बीच अंतर होने के बावजूद प्रमाणपत्र जारी किए गए, अधिकारियों पर दबाव बनाया गया और आपत्तियां दर्ज करने वाले अधिकारियों को निर्णय प्रक्रिया से अलग किया गया, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया नहीं जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर किन लोगों के संरक्षण में यह पूरा खेल चलता रहा। यदि जांच में यह सामने आ रहा है कि नियमों की अनदेखी कर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए। जनता को यह बताना चाहिए कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद सरकार ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।कटवाल ने कहा कि विमल नेगी प्रकरण केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और सुशासन से जुड़ा विषय है। यदि किसी अधिकारी को मानसिक दबाव में काम करना पड़ा, उसकी आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया और संस्थागत प्रक्रियाओं को कमजोर किया गया, तो यह पूरे प्रशासनिक ढांचे के लिए चिंता का विषय है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिनसे भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और राजनीतिक संरक्षण की आशंकाएं मजबूत होती हैं। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर जनता के सामने सच्चाई रखनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। सीबीआई की जांच में अधिकारियों को भाग भी लेना चाहिए। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग करती है। प्रदेश की जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है और भाजपा इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।बैठक में विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, केशव चौहान, गणेश दत्त, कर्ण नंदा, संजय ठाकुर, रवि मेहता, प्रेम ठाकुर, संजीव देशटा, सुदीप महाजन, शिवानी ठाकुर, सुशील चौहान, किशोर, पारुल, राहुल, रीना जितेंद्र सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!