बड़सर,अप्रैल।हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत कड़साई के कलवाड़ा में बुधवार को घर से लापता हुई सात वर्षीय नायरा का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। तेंदुए की दहशत को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने संभावित वन क्षेत्रों में भी तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका। मंडी से पहुंची एसडीआरएफ टीम भी अभियान में शामिल रही, परंतु सफलता नहीं मिली।बच्ची की खोज के लिए चार टीमें बड़सर पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), वन विभाग और स्थानीय लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।जानकारी के अनुसार, बच्ची घर से बाहर निकली थी और फिर वापस नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने भी खेतों, जंगलों और नालों में खोजबीन की। ड्रोन की मदद से भी क्षेत्र की निगरानी की गई, बावजूद इसके कोई सुराग नहीं मिला।मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्च अभियान को और तेज कर दिया गया है और सभी टीमें संभावित क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं।
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और सर्च अभियान लगातार जारी है। बच्ची की जल्द बरामदगी के लिए सभी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही हैं। -लालमन शर्मा, डीएसपी बड़सर












