July 15, 2026 11:19 am

कांग्रेस सरकार ने हिमाचल के व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर महंगी बिजली का नया बोझ डाला : संदीपनी भारद्वाज

शिमला,मई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर बिजली दरों में बढ़ोतरी और अतिरिक्त सेस लगाए जाने के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक बार फिर प्रदेश के व्यापारियों, होटल कारोबारियों, निजी संस्थानों और आम उपभोक्ताओं की कमर तोड़ने का काम किया है।उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की जनता से 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार लगातार बिजली की दरें बढ़ाकर जनता को आर्थिक बोझ के नीचे दबाने का कार्य कर रही है। अब व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर प्रति यूनिट अतिरिक्त एक रुपये का सेस लगाकर सरकार ने साफ कर दिया है कि उसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि नई दरों के अनुसार अब 0 से 20 यूनिट तक बिजली की दर 6.39 रुपये से बढ़ाकर 7.39 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है, 20 से 100 यूनिट तक 6.30 रुपये से बढ़ाकर 7.30 रुपये प्रति यूनिट और 100 यूनिट से अधिक खपत पर 6.20 रुपये से बढ़ाकर 7.20 रुपये प्रति यूनिट कर दिया गया है। इससे प्रदेश के दो लाख से अधिक व्यावसायिक उपभोक्ता सीधे प्रभावित होंगे।उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों, होटलों, शिक्षण संस्थानों, शॉपिंग मॉल, निजी कार्यालयों और छोटे व्यापारियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। बिजली की दरें बढ़ने से बाजार में महंगाई और बढ़ेगी तथा इसका बोझ अंततः आम जनता की जेब पर पड़ेगा।भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर आर्थिक कुप्रबंधन का शिकार हो चुकी है। प्रदेश पर रिकॉर्ड कर्ज चढ़ चुका है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और अब सरकार अपनी विफलताओं का बोझ जनता पर टैक्स और सेस के माध्यम से डाल रही है।संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले पानी के बिल बढ़ाए, फिर डीजल-पेट्रोल पर बोझ डाला, स्टांप ड्यूटी बढ़ाई, एचआरटीसी किराया बढ़ाया और अब बिजली पर अतिरिक्त टैक्स लगाकर प्रदेश की जनता को परेशान करने का काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि इस अतिरिक्त सेस से विकास कार्य होंगे, लेकिन प्रदेश की जनता जानती है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास पूरी तरह ठप पड़ा है। प्रदेश में न नए संस्थान खुल रहे हैं, न सड़कें बन रही हैं और न ही रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश आज आर्थिक संकट, बढ़ती महंगाई और प्रशासनिक अव्यवस्था का शिकार बन चुका है। प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की झूठी गारंटियों और जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है। 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!