शिमला,जुलाई।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी के अग्रणी संगठनों व विभागों का आह्वान किया है कि अपने दायित्व को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अग्रणी संगठनों व विभागों पर होती है, इसलिए इसके कार्यो में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं हो सकती।आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में महिला कांग्रेस,किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस के अतिरिक्त अनुसूचित जाति कांग्रेस अल्प संख्यक विभाग के राज्य पदाधिकारियों के साथ अलग अलग बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि संगठनों व विभागों की कार्यकारिणी जल्द बनाई जाए। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन के तहत इसमें नए कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें उन कर्मठ कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाना चाहिए जो इसके कामकाज को पूरा समय दे सकें।रजनी पाटिल ने साफ किया कि अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों को पूरे तालमेल से कार्य करते हुए पीसीसी के दिशानिदेशों पर अमल करना होगा। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सभी को कमर कसनी होंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए आपसी तालमेल से कार्य करने की जरूरत है। हर माह सभी अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारियों की निश्चित तिथि को बैठक होनी चाहिए।आज की इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी,संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा के अतिरिक्त अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुख व पदाधिकारी उपस्थित थे।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कनेक्ट सेंटर ने आज से विधिवत रूप में अपना कार्य शुरू कर दिया है।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने इस सेंटर का शुभारंभ किया।उन्होंने सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों पर तीसरी आंख की पैनी नजर रहेगी।प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा,हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा,सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी,कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सचिव प्रदीप सूर्या के अतिरिक्त कनेक्ट सेंटर के प्रभारी एस के सहगल व पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।











