सोलन, जुलाई। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने सोलन नगर निगम के चुनाव संपन्न होने के बावजूद अब तक अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी न होने पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा सीधे तौर पर सोलन की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी नगर निगम का विधिवत गठन नहीं हो पाया है, जिसके कारण विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।संजीव कटवाल ने कहा कि नगर निगम की अधिसूचना जारी न होने के कारण निर्वाचित प्रतिनिधि अपना कार्यभार ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं और नगर निगम की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। इससे शहर के विकास कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है और जनता की अपेक्षाओं पर पानी फिर रहा है।उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी आम नागरिकों को उठानी पड़ रही है। जन्म, मृत्यु, निवास तथा अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों सहित अनेक छोटे-छोटे कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा पेयजल, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि नगर निगम अप्रैल माह से प्रभावी रूप से निष्क्रिय स्थिति में है। सरकार केवल वैकल्पिक व्यवस्थाओं की बातें कर रही है, लेकिन धरातल पर आम जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक उदासीनता और निर्णय लेने में देरी के कारण सोलन शहर का विकास बाधित हो गया है।संजीव कटवाल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि नगर निगम सोलन की अधिसूचना तत्काल जारी कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पूर्ण किया जाए, ताकि निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की सेवा में जुट सकें और शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को उसकी प्रशासनिक विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाएगी।











