News Polkhol

राजस्व लोक अदालतों में 45 हजार से अधिक इंतकाल मामलों का निपटारा किया गया: मुख्यमंत्री

शिमला।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रशासनिक सचिवों की ‘मंडे मीटिंग’ की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं विकासात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि आम जन की सुविधा के लिए राजस्व अधिकारी लम्बित राजस्व मामलों का प्राथमिकता से निपटारा सुनिश्चित करें। राज्य में 01 और 02 दिसंबर, 2023 को आयोजित ‘राजस्व लोक अदालत’ के दौरान इंतकाल के 14 हजार से अधिक लम्बित मामलों का निपटारा किया गया। उन्होंने लंबे समय से लम्बित इन मामलों में तेजी लाने के लिए राजस्व अधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत के दौरान अब तक 45 हजार से अधिक इंतकाल के लम्बित मामलों का निपटारा किया गया है और इससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं।ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं, चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों के बिजली बिल कम करने के विकल्प तलाशने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए।