News Polkhol

भाजपा को मिले नौ जिला अध्यक्ष।

शिमला।  हिमाचल प्रदेश भाजपा को इसी महीेने अपना नया अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया अब पूरी होने वाली है , जसके बाद प्रदेशाध्यक्ष का चयन होगा। इससे ठीक पहले रविवार को भाजपा ने अपने नौ संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। संगठन के नए सिरे से गठन की प्रक्रिया तेजी के साथ चल रही है। संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया के तहत जिला अध्यक्षों की घोषणा हो रही है। अभी भाजपा ने अपने नौ जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की है, जिसके बाद सोमवार को सात और जिलों के अध्यक्ष घोषित किए जाएंगे। केवल ऊना जिला का जिलाध्यक्ष अभी घोषित नहीं किया जाएगा, क्योंकि ऊना में संगठन के चुनाव अभी पूरे नहीं हो पाए हैं। भजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. राजीव भारद्वाज जो सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, ने बताया कि भाजपा के 17 संगठनात्मक जिलों में से 16 जिलों में जिला अध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया चल रही है, जिसमें से नौ जिला अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित हो चुके हैं।इनमें जिला चंबा से धीरज नारियाल, पालमपुर से रागिनी रकवाल, देहरा से अजय खट्टा, कुल्लू अमित सूद, सुंदरनगर हीरा लाल, मंडी निहाल चंद शर्मा, सोलन रतन पाल सिंह, सिरमौर धीरज गुप्ता और लाहुल स्पीति में रिंगजिंग हरियप्पा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डा. राजीव भारद्वाज ने बताया कि सात जिलों में अध्यक्षों का चुनाव सोमवार छह जनवरी को होगा। 16 से लेकर 30 जनवरी के बीच भाजपा अपना नया प्रदेश अध्यक्ष चुनेगी। बताया जाता है कि इस चयन के लिए भाजपा हाइकमान ने केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सांैपी है, जो 16 जनवरी के बाद कभी भी यहां आ सकते हैं। इसके साथ यहां से राष्ट्रीय परिषद के लिए भी चार नेताओं का चयन किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष बनने के लिए यहां कुछ नेताओं के नाम संभावित सूची में बताए जा रहे हैं। इनमें वर्तमान अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल, सांसद डा. राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, विधायक त्रिलोक जमवाल, सांसद डा. सिकंदर कुमार, विधायक विपिन परमार, पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह व विधायक सतपाल सिंह सत्ती का नाम भी इस सूची में शामिल है।