News Polkhol

बज गया दिल्ली विधानसभा चुनाव का विगुल, 5 को वोटिंग,8 को परिणाम।

नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनावों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस वार्ता कर दिल्ली में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया है। दिल्ली में एक चरण में ही वोटिंग होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी। चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 10 जनवरी को जारी किया जाएगा। इसी के साथ नामांकन की शुरुआत हो जाती है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 जनवरी है। नामांकन पत्र जांच की तारीख 18 फरवरी है। वहीं नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 20 जनवरी है।मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख कुल मतदाता हैं, जिनमें 83 लाख से ज्यादा पुरुष और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता है। कुल 13 हजार 33 पोलिंग बूथ हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से किसी तरह के छेड़छाड़ को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ईवीएम में अवैध वोट डालने की संभावना नहीं है। ईवीएम फुलप्रूफ डिवाइस है। इसे मतदान के बाद सील कर दिया जाता है। ईवीएम किसी भी तरह से हैक नहीं हो सकता है और यह चुनाव का सबसे सुरक्षित तरीका है। मतों की गिनती से पहले हर ईवीएम की सील चेक होती है।उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की कल अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें कुल एक करोड़ 55 लाख 24 हज़ार 858 मतदाता है। इनमें कुल 83 लाख 49 हज़ार 645 पुरुष और 71 लाख 73 हज़ार 952 महिला मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1261 है। मतदाता पहचान पत्र पाने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने के मामले में 24 लोगों के खिलाफ आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने के खिलाफ चेतावनी दी है। ग़ौरतलब है कि 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें और भाजपा को आठ सीटें मिली थी । वहीं, कांग्रेस पार्टी अपना खाता खोलने में भी नाकाम रही थी।