नाहन। जब झोपड़ी घास की हो तो छत के नीचे आग जलाना हादसे को बुलावा देना है। सिरमौर के पच्छाद में घास से बनी झुग्गी के भीतर चूल्हे पर खाना बना रहे एक बुजुर्ग को बुधवार शाम आग ने निगल लिया।दाड़ो देवरिया पंचायत के प्रधान देवेंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि बगले के बरियूडी गांव में आग लगी है और आग की लपटें दूर तक दिख रही हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को घास की एक झोपड़ी के भीतर एक बुजुर्ग का शव मिला। उसकी पहचान नेपाली मूल के शेर सिंह के रूप में हुई है। 85 साल का शेर सिंह झोपड़ी में अकेले रहता था।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे चूल्हे की राख से निकली चिंगारियों से झोपड़ी में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि शेर सिंह को बचकर बाहर निकलने का समय ही नहीं मिला और वह जिंदा जल गया।स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। पुलिस टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि शेर सिंह के दोनों पांव और बाजू जल चुके थे। केवल हड्डियों का कंकाल और कूल्हे से ऊपर सिर तक का भाग बाहर से पूरी तरह से जल चुका था।पुलिस को शव से मृतक की बाईं टांग नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कुत्ते को मुंह में टांग उठाकर जंगल की तरफ जाते देखा गया था। ग्रामीणों ने कुत्ते का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरा होने से उसका पता नहीं लग पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













