कुल्लू,जुलाई। कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद को सुलझाने के बहाने आरोपी ने महिला को अपने क्वार्टर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका मोहन लाल नामक व्यक्ति के साथ पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी मामले में बातचीत करने के लिए आरोपी ने 22 जुलाई को उसे ब्रौ स्थित अपने क्वार्टर में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां पहुंचने पर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।घटना के बाद पीड़िता ने निरमंड पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार वारदात ब्रौ थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए नियमानुसार निरमंड पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। मामले से संबंधित सभी दस्तावेज और एफआईआर आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई के लिए ब्रौ पुलिस थाना भेजे जा रहे हैं।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।












