July 24, 2026 4:28 am

बिहार चुनाव को लेकर मुलाकातें शुरू।

नई दिल्ली।  बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और इसको लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन की मजबूती तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस तथा राजद नेताओं की बैठक हुई और दो दिन बाद फिर पटना में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश के स्तर के नेताओं के साथ राजद नेताओं की बैठक होने की बात कही जा रही है, जिसमें राजनीतिक माहौल तथा जीतने वाली सीटों के आकलन को लेकर चर्चा हो सकती है। यह मीटिंग लगभग 45 मिनट चली। बैठक के बाद खडग़े आवास के बाहर मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि जो भी चीजें हैं, मिलकर बैठकर तय हो जाएंगी। सीएम फेस के सवाल पर उन्होंने कहा कि बातचीत से सब फाइनल होगा। आपलोग चिंता न करें।उन्होंने कहा कि अमित शाह नीतीश कुमार को सीएम फेस नहीं बताते हैं। कितने सीट पर कौन चुनाव लड़ेगा इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में हमारी सरकार बनेगी यह तय है। इस मौके पर श्री खडग़े तथा श्री गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल, बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार, राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा तथा सांसद संजय यादव आदि नेता मौजूद थे। बैठक के बाद श्री खडग़े ने कहा कि इस बार, बिहार में बदलाव निश्चित है। आज हमने तेजस्वी यादव से मुलाकात कर, महागठबंधन की मजबूती पर चर्चा की। आने वाले चुनाव में बिहार की जनता को हम एक सशक्त, सकारात्मक, न्यायप्रिय तथा कल्याणकारी विकल्प देंगे। भाजपा और उसके अवसरवादी ठगबंधन से बिहार को मुक्ति मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!