शिमला। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बदलाव की अटकलों के बीच नए अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। आखिर कौन कांग्रेस का अध्यक्ष होगा, इसको लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है और इस बीच यह जानकारी मिल रही है कि जो भी नया अध्यक्ष होगा, वह मुख्यमंत्री की पसंद का ही बनेगा। यहां चर्चा तेज हो चुकी है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी पसंद के नेता को अध्यक्ष बनाएंगे। वैसे प्रदेश में सीएम की पसंद का अध्यक्ष बनता है, तो दोनों में सामंजस्य रहेगा, जिससे संगठन को बल मिल सकता है। वह इस संबंध में हाइकमान को पहले ही कह चुके हैं, लेकिन बताया जा रहा है कांग्रेस हाइकमान वरिष्ठ नेताओं को लेकर भी सोच रही है। पार्टी के पास कई ऐसे वरिष्ठ नेता हैं, जो कि अध्यक्ष बन सकते हैं और पूर्व में वेे लोग अपनी इच्छा भी जता चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि हाइकमान न केवल वरिष्ठ नेताओं को लेकर सोच रहा है, बल्कि यहां मुख्यमंत्री की पसंद का भी ध्यान रखा है। वरिष्ठ नेताओं की बात करें तो कौल सिंह ठाकुर, राम लाल ठाकुर व आशा कुमारी के नाम चर्चा में हैं, वहीं कुलदीप सिंह राठौर का भी नाम लिया जा रहा है, मगर सीएम सुक्खू की पसंद की बात करें, तो उसमें अनिरुद्ध सिंह, संजय अवस्थी और सुरेश कुमार के अलावा चंद्र शेखर का भी नाम शामिल है। अब इन सभी नेताओं में से हाइकमान किस पर दांव खेलती है, यह देखना होगा। कांग्रेस के पास अभी संगठन नहीं है और इसके गठन में उसे काफी समय लग रहा है, मगर यहां चर्चा अब अध्यक्ष की शुरू हो गई है।












