शिमला: देशभर के विभिन्न राज्यों से सामने आ रहे कोरोना मामलों के बीच हिमाचल में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है. प्रदेश में एक 82 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है. यह महिला डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में कोरोना पॉजिटिव पाई गई है. बुजुर्ग महिला जुकाम, बुखार और बीपी की समस्या से जूझ रही थी. मेडिकल कॉलेज नाहन में इलाज के दौरान उसका रैपिड टेस्ट लिया गया, जिसमें महिला पॉजिटिव पाई गई है. ऐसे में हिमाचल में कोरोना का पहला मामला दर्ज किया गया है. जिसको लेकर अब सरकार अलर्ट मोड में आ गई है. ऐसे में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हिमाचल प्रदेश ने एक नई एडवाइजरी जारी की है. देशभर में COVID-19 मामलों में वृद्धि के कारण राज्य में भी संक्रमण फैलने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा कॉलेजों के प्राचार्य, और सरकारी अस्पतालों के अधीक्षक को सतर्क रहने, स्थिति की निगरानी करने और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. अस्पतालों में बिस्तर, ऑक्सीजन आपूर्ति, वेंटिलेटर, बीआईपीएपी मशीन, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, पीएसए संयंत्र, एंटीबायोटिक्स, आवश्यक दवाएं सहित अस्पताल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए गए हैं. वहीं, स्वास्थ्य विभाग इन्फ्लुएंजा और सामान्य सर्दी के मामलों पर भी कड़ी नजर बनाए हुए है, जो विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर रिपोर्ट हो रहे हैं. पिछली बार जब कोरोना वायरस की लहर आई थी तो बड़ी संख्या में कोरोना के मामले सामने आए थे. इस दौरान कई लोगों की मौत भी हुई थी. ऐसे में इस बार प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग कोई भी लापरवाही नहीं बरतना चाहता है. जिसके चलते मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में पूरे इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.













