श्रीनगर,जुलाई। भारतीय सेना के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुरक्षाबलों ने पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर हाशिम मूसा समेत तीन आतंकियों को मार गिराया है। हाशिम मूसा को न सिर्फ पहलगाम हमले का साजिशकर्ता माना जाता था, बल्कि वह सोनमर्ग टनल हमले का भी जिम्मेदार था। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सेना ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन महादेव’ का नाम दिया है।आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के दाचीगाम इलाके की ओर बढ़ने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमों ने इलाके में तलाश अभियान शुरू किया। सेना ने इसे ‘ऑपरेशन महादेव’ नाम दिया था। अभियान के दौरान सुरक्षाबलेां की आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच चली गोलीबारी में तीन आतंकवादी ढेर हो गए।उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादियों में से एक लश्कर-ए-तैयबा का पाकिस्तानी आतंकवादी सुलेमान शाह उर्फ हाशिम मूसा है, जो गत 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले का कथित मास्टरमाइंड था। पहलगाम हमले में एक स्थानीय निवासी और 25 पर्यटक मारे गए थे और भारत तथा पाकिस्तान एक पूर्ण युद्ध के कगार पर पहुंच गए थे। पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुलेमान और दो अन्य के बारे में जानकारी देने वाले को 20 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान एक एम4 और एके-47 राइफल, ग्रेनेड और अन्य हथियार और गोला-बारुद भी बरामद किया है।













