शिमला | भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर मंगलवार को बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, मंडी, ऊना, सोलन और कांगड़ा जिला के समस्त शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। इसके अलावा कुल्लू में कुल्लू उपमंडल, मनाली व बंजार में भी अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए अपने जिला में प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने जिला के उपायुक्त को भी निर्देश दिए हैं कि यदि स्थितियां ठीक न हों, तो शिक्षण संस्थानों में बच्चों को न बुलाया जाए। मुख्यमंत्री ने लोगों से किसी भी आपातकालीन स्थिति से बचने के लिए नदियों और नालों के पास न जाने का आग्रह किया है। मौसम विभाग द्वारा राज्य में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का लोगों को पालन करना चाहिए।मुख्यमंत्री ने सभी जिला प्रशासन को भू-स्खलन, सडक़ अवरोध और अचानक बाढ़ की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े और आवश्यक सेवाओं का सुचारू संचालन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चंबा की मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। खराब मौसम के कारण मणिमहेश यात्रा को अस्थाई तौर पर स्थगित किया गया है। इसके अतिरिक्त पठानकोट और जम्मू-कश्मीर के डोडा के जिला उपायुक्तों से अनुरोध किया गया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक तीर्थयात्रियों को संबंधित जिलों में ही रोककर रखें।













