August 2, 2026 10:28 pm

अब ऑनलाइन मिलेगा PWD का रेस्ट हाउस।

शिमला।हिमाचल प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृहों में कमरा लेना अब आसान हो गया है। सरकार ने ऑनलाइन माध्यम से कमरे की बुकिंग करने की व्यवस्था कर दी है, मगर इसके लिए 50 फीसदी राशि एडवांस में देनी होगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सचिव डा. अभिषेक जैन के कार्यालय से आदेश जारी हो गए हैं। जारी हुए आदेशों के अनुसार प्रदेश भर में मौजूद लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृहों में कमरे के लिए ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। विभाग पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग के साथ 50 फीसदी राशि भी एडवांस में जमा करवानी होगी। अभी तक यह बुकिंग सिफारिशों पर ही मिलती थी और इसके लिए संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कहना पड़ता था। उनके द्वारा बुकिंग की जाती थी, जिसमें सभी लोग बुकिंग नहीं ले पाते थे। ऐसे में सरकार ने नई व्यवस्था कर दी है। इसमें कहा गया है कि विश्राम गृह में केवल वीआईपी रूम ऑनलाइन बुक नहीं होगा और उसे छोडक़र शेष सभी कमरों की ऑन लाइन बुकिंग कर दी जाएगी। बता दें कि प्रदेश भर में छोटी-छोटी जगहों पर भी लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह उपलब्ध हैं, जहां पर लोगों को ठहरने की उचित व्यवस्था हो जाती है। इनमें लोगों को खाना भी उपलब्ध होता है।वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद सभी विश्राम गृहों में कमरों के दाम बढ़ा दिए गए थे। जो पहले 200 या 250 रूपए में कमरा मिलता था उसका मूल्य अब 600 रुपए या इससे अधिक का कर दिया गया है। यह बुकिंग फस्र्ट कम फस्र्ट सर्व के आधार पर होगी और आधी पेमेंट जमा करने के साथ बुकिंग को कन्फर्म कर दिया जाएगा। इससे पहले प्रदेश में वन विभाग के विश्राम गृहों को भी ऑन लाइन बुकिंग के माध्यम से देने का प्रावधान कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग के कमरे कई बार लोग बुक कर देते थे और बाद में उसका इस्तेमाल नहीं करते थे। अब ऑनलाइन बुकिंग में एडवांस पैसा देने के बाद यहां बुकिंग भी सुनिश्चित हो जाएगी और पेश आने वाली दिक्कत भी दूर हो जाएगी। इससे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी राहत की सांस लेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!