शिमला।हिमाचल प्रदेश में फिलहाल 9 जुलाई तक मौसम विभाग ने भारी से बहुत ज्यादा बारिश होने की चेतावनी जारी की है। पांच जुलाई से प्रदेश के कई जिलों में बारिश तांडव मचाएगी। जिस तरह से मंडी जिला में बादल फटने से तबाही मची है, वहीं अब अन्य जिलों में बारिश से तबाही होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। जुलाई का पूरा महीना हिमाचल के लिए भारी है, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार पूरे महीने में अत्यधिक बारिश होने की पूरी-पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों में फिर से फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला व सिरमौर में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है।राज्य के उक्त जिलों में लोगों को सावधानी बरतने का परामर्श दिया गया है। हालांकि प्रदेश में शुक्रवार को भी भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है, मगर उक्त अवधि के दौरान राज्य के कुछ ही जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, जबकि 5 से 7 जुलाई के बीच प्रदेश में बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। विभाग के पास 5 जुलाई को शिमला, सोलन व सिरमौर में बहुत भारी बारिश होगी, जबकि 6 व 7 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी में हैवी टू हैवी रेन फॉल होने का अलर्ट जारी किया है। आठ व 9 जुलाई को भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश होगी। कई स्थानों पर बारिश होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, मगर तेज बारिश होने के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण बारिश होने के चलते लोग अब डर के साए में जीने को मजबूर हैं। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है।












