शिमला। शिमला में NHAI के अधिकारी के साथ हुई मारपीट मामले को लेकर केंद्रीय नितिन गडकरी ने नाराजगी जताई है। इस मामले को लेकर गडकरी ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात कर तत्काल न्यायपूर्ण कार्रवाई करने का आग्रह किया है। गडकरी ने कहा कि इस मामले में जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए और बिना देरी के न्याय मिलना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने इसकी जानकारी ‘X’ पर पोस्ट के जरिए दी है।गडकरी ने पोस्ट करते हुए लिखा, ‘हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और उनके सहयोगियों द्वारा NHAI PIU शिमला के प्रबंधक अचल जिंदल पर किया गया जघन्य हमला अत्यंत निंदनीय है और कानून के शासन का अपमान है। अपने आधिकारिक कर्तव्यों का पालन कर रहे एक लोक सेवक पर इस तरह का क्रूर हमला न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालता है, बल्कि संस्थागत अखंडता को भी नष्ट करता है। मैंने मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया है और मुख्यमंत्री @SukhuSukhvinder जी से बात की है, और सभी अपराधियों के खिलाफ तत्काल और अनुकरणीय कार्रवाई करने का आग्रह किया है। जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए और बिना देरी के न्याय मिलना चाहिए।’













