August 2, 2026 10:53 am

सास बहू नशा तस्कर निकली, नशे के साथ गिरफ्तार।

कांगड़ा।हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। नशा तस्करी के इस काले कारोबार में अब महिलाएं भी शामिल हो गई हैं। ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है- जहां पुलिस टीम ने दो नशा तस्कर महिलाओं को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।दोनों आरोपी महिलाएं रिश्ते में सास-बहू लगती हैं। पुलिस टीम ने महिलाओं से हेरोइन की खेप भी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।मिली जानकारी के अनुसार, डमटाल पुलिस टीम को ये सफलता जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मिली है। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदौरा के छन्नी में एक घर में नशे का धंधा चल रहा है।इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीती रात को घर पर छापा मारा। इसी दौरान पुलिस टीम को घर में से हेरोइन की खेप बरामद की। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद सास-बहू को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 17.91 हेरोइन की खेप बरामद की है। आरोपियों की पहचान-

चंपा (सास)

साक्षी (बहू)

पुलिस टीम ने आरोपी सास-बहू के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब आज दोनों को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।गौरतलब है कि कांगड़ा जिले से ऐसा ही एक मामला बीते कल भी सामने आया था। पुलिस टीम ने जेल में बंद एक नशा तस्कर के माता-पिता को गिरफ्तार किया था। इतना ही नहीं पुलिस टीम ने तस्कर के माता-पिता से चिट्टे की खेप भी बरामद की।विदित रहे कि, हिमाचल प्रदेश के हर गांव-गांव, गली-गली तक नशा तस्कर पहुंच रहे हैं। आज प्रदेश का कोई ऐसा कोना नहीं बचा है, जहां नशे की तस्करी ना की जा रही हो। प्रदेश में नशे का कारोबार इस कदर बढ़ गया है कि लोगों को अपने बच्चों के प्रति चिंता सताने लगी है। हालांकि, हिमाचल पुलिस नशा माफिया के खिलाफ चलाए अभियान में अब तक कई नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भी पहुंचा चुके हैं। बावजूद इसके नशा तस्करी के मामले कम नहीं हो रहे हैं। नशा तस्करी के इन मामलों में अब महिलाएं और युवतियां भी कूद पड़ी हैं।हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है और प्रदेशभर में NDPS के तहत 1943 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 947 चिट्टे (हेरोइन), 690 चरस और 59 अफीम के मामले शामिल हैं। पुलिस द्वारा जारी हालिया जानकारी में बताया गया है कि प्रदेश में कुल 2880 आरोपियों को नशा तस्करी के केस में गिरफ्तार किया, जिनमें 125 महिलाएं भी शामिल हैं। यदि हम डाटा पर नजर दौड़ाएं तो पाएंगे की हर महीने 11 महिलाएं नशे की खेप के साथ पकड़ी जा रही है। ये आंकड़े अपने आप में ही काफी डरा देने वाले हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!