April 20, 2026 4:13 pm

NHM में कार्यरत डॉक्टर विकास शर्मा पर जानलेवा हमला,हमलावर फरार।

शिमला।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शिमला में कार्यरत विशेष कार्य अधिकारी (ईएमआरटी-108) डॉ. विकास शर्मा पर सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानलेवा हमला किया गया।यह घटना उस समय हुई जब वे अपने घर से एसडीए कॉम्प्लेक्स, कुसुम्पटी स्थित कार्यालय जा रहे थे।डॉ. शर्मा ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि सुबह लगभग 9:30 बजे अपने कार्यालय जा रहे थे तो  छोटा शिमला के ब्रॉकहर्स्ट क्षेत्र में नीली शर्ट और लाल पी-कैप पहने लगभग 30 वर्षीय  एक युवक ने उनका रास्ता रोका।युवक ने उन्हें 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को न रोकने की धमकी दी, उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की और उन्हें घाटी की ओर धक्का दे दिया।इस संघर्ष में उनकी शर्ट फट गई, बटन टूट गए और उन्हें पीठ तथा दाहिने हाथ पर चोटें आईं।घटना के बाद डॉ. शर्मा ने कार्यालय के कर्मचारी श्री पप्पू से सहायता मांगी, जिन्होंने उनका गिरा हुआ बैग और मोबाइल उठाने में मदद की और उन्हें कार्यालय तक पहुंचाया।चूंकि वे चलने की स्थिति में नहीं थे, इसलिए उन्होंने तत्काल 108 एम्बुलेंस को कॉल कर अस्पताल जाने की व्यवस्था की।डॉ. शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा, “मेरा जीवन और स्वतंत्रता खतरे में है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मेरी शिकायत दर्ज करें और मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाए।”यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर एक अहम बैठक निर्धारित थी।सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में हड़ताल समाप्त करने को लेकर कोई निर्णय लिया जाना था। आशंका जताई जा रही है कि बैठक को प्रभावित करने और डर का माहौल बनाने के उद्देश्य से यह हमला किया गया।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों में इस घटना को लेकर गहरी नाराज़गी है। उन्होंने पुलिस से तत्काल मामला दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।कर्मचारियों का कहना है कि यदि ऐसे हमले जारी रहे तो सरकारी कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बनेगा, जिससे उनका कार्य करना कठिन हो जाएगा।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!