शिमला। मानसून सीजन में पर्यटकों को लुभाने के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने अपने सभी होटलों पर विशेष छूट देने की घोषणा कर दी है। इस संबंध में निगम के प्रबंध निदेशक ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के तहत 15 जुलाई से 12 सितंबर तक निगम के होटलों में कमरों पर 20 से 40 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। निगम प्रबंधन को उम्मीद है कि विशेष छूट प्रदान करने से इस मानसून सीजन पर्यटक निगम के होटलों में रुकेंगे, जिससे निगम की आय में वृद्धि होगी। यह छूट निगम के अंतर्गत आने वाले 49 होटलों में प्रदान की जाएगी और अलग-अलग होटलों के हिसाब से 20 से 40 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।यह छूट मिंजर मेले व मणिमहेश यात्रा के दौरान चंबा के होटलों में नहीं मिलेगी। इस संबंध में आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि 27 जुलाई से तीन अगस्त तक होने वाले मिंजर मेले के दौरान होटल इरावती व होटल चंपक, में छूट नहीं मिल पाएगी।11 अगस्त से पहली सितंबर तक आयोजित मणिमहेश यात्रा के दौरान भी होटल गौरीकुंड में किसी प्रकार की छूट प्रदान नहीं की जाएगी।होटल हमीर हमीरपुर, द सुकेत सुंदरनगर, द स्पीति काजा, होटल चंपक चंबा, विलीज पार्क शिमला, होटल चंद्रभागा केलांग व होटल किन्नर कैलाश काजा में इस योजना के तहत छूट प्रदान नहीं होगी।टूरिज्म के होटलों में पहुंचने वाले लोगों को कमरों के किराए में 20 से 40 फीसदी रियायत देने का निर्णय लिया है। कसौली, नारकंडा, चैल, नालदेहरा, डलहौजी और फागू में टूरिज्म के होटलों में पर्यटकों को कमरों के किराए में 40 फीसदी की छूट दी जाएगी। नूरपुर, चंबा, भरवाई, जवालामुखी, स्वारघाट, धर्मशाला, परवाणू, पांवटा साहिब, बिलासपुर, पालमपुर, शिमला, पौंग डैम, खड़ा पत्थर, चामुंडा देवी, कसौली, जोगिंद्रनगर, मकलोडगंज, चिंदी, खजियार, शिमला, रेणुकाजी, बड़ोग, राजगढ़, भरमौर, नग्गर, मनाली और क्यारीघाट में 30 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं रोहड़ू, दाड़लाघाट, रिवाल्सर, सराहन, कुल्लू और मनाली के होटल रोहतांग मनालसू में 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी।













